बगहा। पश्चिम चंपारण जिले के वाल्मीकि नगर में मंगलवार की सुबह एक व्यवसायी द्वारा पूर्वी नहर में छलांग लगाने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। टंकी बाजार मेन रोड निवासी परशुराम प्रसाद के 35 वर्षीय पुत्र पुरुषोत्तम कुमार उर्फ पप्पू ने सुबह करीब छह बजे तीन आरडी पुल के पास पूर्वी नहर में छलांग लगा दी। घटना को देख आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल साहस का परिचय देते हुए उन्हें नहर से बाहर निकाला और इलाज के लिए वाल्मीकि नगर अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। वहां डॉ. अरुण कुमार यादव की देखरेख में उनका इलाज शुरू किया गया। हालांकि उपचार के बाद भी उनकी हालत में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया।
परिजनों ने बेहतर इलाज के उद्देश्य से उन्हें बेतिया ले जाने के बजाय गोरखपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराने का निर्णय लिया। समाचार लिखे जाने तक उनका इलाज जारी था और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी। जानकारी के अनुसार पुरुषोत्तम कुमार उर्फ पप्पू वाल्मीकि नगर में चंदन ऑटोमोबाइल नाम से स्पेयर पार्ट्स की दुकान संचालित करते हैं। उनके परिवार में पत्नी के अलावा एक पुत्र और एक पुत्री हैं। बताया जा रहा है कि वह प्रतिदिन की तरह मंगलवार सुबह घर से व्यायाम करने के लिए निकले थे। इसी दौरान तीन आरडी पुल के समीप उन्होंने अचानक पूर्वी नहर में छलांग लगा दी। घटना के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि स्थानीय लोग तत्काल सक्रिय नहीं होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों ने बिना समय गंवाए उन्हें नहर से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जिससे समय पर उपचार शुरू हो सका। इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और परिजनों के साथ-साथ प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।














