बगहा। चीनी के बढ़ते दाम के बीच गन्ने का उचित मूल्य नहीं मिलने से नाराज गन्ना किसानों ने सोमवार को बगहा अनुमंडल कार्यालय के सामने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ जमकर विरोध जताया। इस दौरान किसानों ने “चीनी महंगी, गन्ना सस्ता—नहीं चलेगा, नहीं चलेगा” के नारे लगाकर अपनी मांग बुलंद की।
धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व किसान नेता छोटे श्रीवास्तव ने किया। किसानों ने कहा कि बाजार में चीनी के दाम में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन गन्ना किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। बढ़ती महंगाई और खेती की लागत को देखते हुए किसानों ने गन्ने का भाव बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग सरकार से की है।
किसानों का कहना है कि गन्ने की खेती में खाद, बीज, सिंचाई, मजदूरी और परिवहन का खर्च लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में वर्तमान मूल्य पर गन्ने की खेती करना किसानों के लिए मुश्किल होता जा रहा है। किसानों ने सरकार से गन्ने का लाभकारी मूल्य निर्धारित करने और किसानों के हित में तत्काल निर्णय लेने की मांग की।
धरना के दौरान किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर सरकार ने जल्द सकारात्मक पहल नहीं की, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में गन्ना किसान शामिल रहे।


















