बेतिया। नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर 127 विकास योजनाओं की ई-निविदा जारी की गई है। नगर निगम से लगभग एक वर्ष पूर्व से पारित प्रस्ताव के तहत इन योजनाओं में सड़क, संपर्क पथ, नाला, पुलिया सहित जनसुविधा से जुड़े विभिन्न निर्माण कार्य शामिल हैं। ई-टेंडरिंग के माध्यम से जारी निविदा के बाद अब योजनाओं के धरातल पर उतरने की उम्मीद बढ़ी है।
महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि निर्धारित योजनाओं के पूरा होने से नगर निगम के सभी वार्डों में सार्वजनिक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि सड़क और जलनिकासी जैसी मूलभूत जरूरतों से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन से आम नागरिकों को सीधे लाभ मिलेगा। महापौर ने सक्षम, इच्छुक और अनुभवी संवेदकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में निविदा प्रक्रिया में भाग लें, ताकि प्रतिस्पर्धी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से विकास कार्यों को गति दी जा सके।निरीक्षण करती हुई महापौर बेतिया



















