मंदिर समिति अध्यक्ष व नगर पार्षद रोहित सिकारिया और धर्मपत्नी महापौर गरिमा सिकारिया ने बासुदेव और देवकी बनकर किया जन्मोत्सव को विधि विधान से सम्पन्न
बेतिया। नगर के गोपीनाथ पंचायती मंदिर में शुक्रवार को आधी रात के बाद तक भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। मंदिर संचालन समिति के अध्यक्ष व स्थानीय नगर पार्षद रोहित कुमार सिकारिया और उनकी धर्मपत्नी नगर निगम महापौर गरिमा देवी सिकारिया के द्वारा बासुदेव और देवकी का रूप धारण कर के वैदिक विधि विधान से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव महायज्ञ को सम्पन्न किया गया। दोनों के नेतृत्व शुक्रवार को आधी रात के बाद तक वैदिक विधि विधान से श्री कृष्ण जन्मोत्सव यज्ञ का आयोजन किया गया।

जहां विधि विधान से सम्पन्न जन्मोत्सव पूजन समारोह में नगर सैकड़ों श्रद्धालु महिला पुरुष और युवक युवतियों की भीड़ मंदिर परिसर से लेकर पूरे लाल बाजार क्षेत्र में उमड़ी देखी गई। इस मौके बाल कृष्ण की एक झलक और स्पर्श पाने के लिए सैकड़ों श्रद्धालु भक्तजन आतुर दिखे। नंद घर आनंद भयो, जय हो नन्द लाल की.!

हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की.!! जैसे भक्ति गाकर भक्त झूमते दिखे। अंत में महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि जन्माष्टमी पर भगवान कृष्ण की उपासना से भक्तों को आत्मिक शांति, निष्काम कर्म की प्रेरणा और लोककल्याण का आशीर्वाद मिलता है। महापौर श्रीमती सिकारिया ने कहा कि भगवान कृष्ण केवल एक देवता नहीं, बल्कि जन-जन के मन में रमे हुए लोकआस्था के जीवंत प्रतीक हैं। उनकी उपासना का सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सामाजिक जीवन में बहुत बड़ा महत्व है।
जन्मोत्सव महायज्ञ के सफल आयोजन में सभी श्रद्धालु जन की सहभागिता महत्वपूर्ण रही।



















