वाल्मीकिनगर वन प्रक्षेत्र अंतर्गत भेड़िहरी गांव निवासी किसान विजय हलदार की बाघ के हमले में मौत के बाद वन विभाग ने उनके परिजनों को 10 लाख रुपये की मुआवजा राशि प्रदान की। शुक्रवार को वन विभाग की टीम मृतक के घर पहुंची और परिजनों को निर्धारित मुआवजा राशि सौंपी। मुआवजा वितरण के दौरान सहायक वन संरक्षक, वनपाल, वनरक्षी, पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि, ईडीसी अध्यक्ष सहित गांव के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
वन विभाग के अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। बताया जाता है कि विजय हलदार की 15 अगस्त को बाघ के हमले में मौत हो गई थी। वह खेत से चारा लेने गए थे। इसी दौरान बाघ ने उन पर हमला कर दिया था। घटना के बाद वन विभाग ने मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई शुरू की थी।
साथ ही पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की गई थी।शुक्रवार को विभागीय अधिकारियों ने मृतक के घर पहुंचकर 10 लाख रुपये की मुआवजा राशि परिजनों को सौंप दी। राशि मिलने के बाद परिजनों को आर्थिक सहायता मिली है। वाल्मीकिनगर वन प्रक्षेत्र के रेंजर सत्यम कुमार ने बताया कि 15 अगस्त को बाघ के हमले में विजय हलदार की मौत हुई थी। वन विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को नियमानुसार 10 लाख रुपये की मुआवजा राशि प्रदान कर दी गई है।



















