वाल्मिकीनगर। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और सैलाब के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गुरुवार को वाल्मीकिनगर पहुंचे। उन्होंने इंडो-नेपाल सीमा पर स्थित गंडक बराज और उसके विभिन्न फाटकों का निरीक्षण कर नदी के जलस्तर और मौजूदा स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से गंडक नदी में पानी की स्थिति, नेपाल में आई बाढ़ के संभावित प्रभाव और सीमावर्ती क्षेत्रों में की गई तैयारियों की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि बिहार में फिलहाल बाढ़ की स्थिति की संभावना टल गई है, लेकिन सीमावर्ती इलाकों में सतर्कता बरती जा रही है।

अधिकारियों से ली तैयारियों की जानकारी

बगहा एसडीएम चांदनी कुमारी, एसपी राजेश कुमार समेत जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को क्षेत्र की मौजूदा स्थिति से अवगत कराया। अधिकारियों ने नेपाल में आई बाढ़ के कारण गंडक नदी के जलस्तर पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव और प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी दी।मुख्यमंत्री ने संवेदनशील इलाकों पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट रहने का निर्देश दिया। उन्होंने गंडक बराज के फाटकों और जल प्रवाह की स्थिति पर भी अधिकारियों से जानकारी ली।

मुख्यमंत्री के निरीक्षण के बाद सीमावर्ती क्षेत्र में प्रशासनिक निगरानी और बढ़ा दी गई है।



















