वाल्मिकीनगर : नई दिशा डिजिटल न्यूज
वाल्मीकिनगर: भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित वाल्मीकिनगर में जल्द ही 108 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा शान से लहराता दिखाई देगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की तैयारी शुरू कर दी गई है। यह तिरंगा भारत-नेपाल सीमा पर बने अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर परिसर में स्थापित किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि वाल्मीकिनगर क्षेत्र में यह अपनी तरह का पहला ऊंचा तिरंगा टावर होगा। 108 फीट की ऊंचाई पर फहराने वाला यह तिरंगा न केवल देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बनेगा, बल्कि सीमा क्षेत्र की पहचान भी बढ़ाएगा। दूर-दूर से आने वाले पर्यटक भी इस भव्य तिरंगे का दर्शन कर सकेंगे।
इस परियोजना का उद्घाटन आगामी 2 जून को वाल्मीकिनगर के सांसद Sunil Kumar द्वारा किया जाएगा। सांसद ने जानकारी देते हुए कहा कि देश की विभिन्न अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर भारतीय तिरंगा ऊंचाई पर शान से लहरा रहा है और अब वाल्मीकिनगर भी इस गौरवशाली सूची में शामिल होने जा रहा है।
उन्होंने कहा कि 108 फीट ऊंचे तिरंगे के लगने से क्षेत्र में देशभक्ति की भावना और मजबूत होगी। साथ ही, यह स्थान पर्यटन के दृष्टिकोण से भी आकर्षण का केंद्र बनेगा। भारत-नेपाल सीमा से गुजरने वाले लोगों को दूर से ही तिरंगा दिखाई देगा, जो देश की आन-बान और शान का संदेश देगा।














