बगहा। जनता दल (यू) के प्रदेश महासचिव एवं वाल्मीकिनगर के पूर्व विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ रिंकू सिंह का रविवार को उनके आवास पर शिक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने, युवाओं के भविष्य, सामाजिक विकास और क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में रिंकू सिंह ने शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के प्रति उनकी सकारात्मक सोच, समाजहित में उनकी सक्रिय भूमिका और युवाओं के बेहतर भविष्य को लेकर उनकी प्रतिबद्धता प्रेरणादायी है। शिक्षकों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी उनके सहयोग से शिक्षा व्यवस्था को और सशक्त बनाने की दिशा में ठोस पहल होती रहेगी।
सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए रिंकू सिंह ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज का भविष्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर निर्भर करता है और इसे साकार करने में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिक्षा के विकास, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए उनके प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

साथ ही शिक्षकों की समस्याओं के समाधान और विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। बैठक के दौरान विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने, विद्यार्थियों के हितों की रक्षा, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्र की विकास संबंधी आवश्यकताओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। अंत में सभी ने शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।














