भितहाँ।उच्च शिक्षा के क्षेत्र में मंगलवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी पहल के तहत मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के 211 प्रखंडों में नवस्थापित डिग्री कॉलेजों का एक साथ उद्घाटन किया। इसी क्रम में विधानसभा क्षेत्र के पिपरासी, भितहाँ एवं ठकराहाँ प्रखंड को भी उच्च शिक्षा की महत्वपूर्ण सौगात मिली। अब क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्नातक स्तर की पढ़ाई के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।उद्घाटन के साथ ही पिपरासी प्रखंड के सुजनही घोड़ंहवा, भितहाँ प्रखंड के लक्ष्मीपुर तथा ठकराहाँ प्रखंड में डिग्री कॉलेजों में शैक्षणिक गतिविधियों का शुभारंभ कर दिया गया। इन संस्थानों के प्रारंभ होने से विशेष रूप से ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा होगी। साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस अवसर पर आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षाविदों, समाजसेवियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। वक्ताओं ने कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों की स्थापना से युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी, जिससे उनके भविष्य को नई दिशा मिलेगी और रोजगार के बेहतर अवसर भी सृजित होंगे।कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के विस्तार और युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में शैक्षणिक असमानता को कम करने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगी।स्थानीय लोगों ने भी डिग्री कॉलेजों के शुभारंभ का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उनका कहना था कि वर्षों से उच्च शिक्षण संस्थानों की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी हुई है। इससे छात्र-छात्राओं का समय, धन और श्रम बचेगा तथा अधिक से अधिक युवा उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य को संवार सकेंगे। शिक्षा के क्षेत्र में यह पहल पूरे विधानसभा क्षेत्र के लिए नए युग की शुरुआत मानी जा रही है।
















