बगहा। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की बिहार इकाई के गठन एवं राज्य स्तरीय बैठक समारोह का आयोजन रविवार को बगहा स्थित वाल्मीकि विहार सभागार में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय पदाधिकारियों, बिहार एवं उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पत्रकार प्रतिनिधियों तथा समिति के सम्मानित सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, पत्रकारों के हितों की रक्षा तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन बिहार प्रदेश ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के संयोजक प्रो. डॉ. अरविंद नाथ तिवारी ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवी प्रसाद गुप्त उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय सचिव एवं प्रवक्ता नरेश सक्सेना तथा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में वाल्मीकिनगर विधायक सुरेंद्र प्रसाद शामिल हुए।

इस अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरनाटांड़, बगहा-2 के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. के.वी.एन. सिंह, बिहार प्रभारी ओम प्रकाश द्विवेदी, उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिला अध्यक्ष शैलेश कुमार उपाध्याय सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। आयोजन समिति की ओर से सभी मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों का पुष्पमाला और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया।

बैठक के दौरान सर्वसम्मति से ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की बिहार इकाई का गठन किया गया। संगठन ने प्रो. डॉ. अरविंद नाथ तिवारी को बिहार प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी। उनके मनोनयन पर उपस्थित पत्रकारों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा पत्रकारों के हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

समारोह में बिहार एवं उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए जिला अध्यक्षों, अनुमंडल अध्यक्षों और बड़ी संख्या में पत्रकारों ने भाग लिया। वक्ताओं ने अपने संबोधन में निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों की समस्याओं के समाधान, उनके अधिकारों की रक्षा तथा संगठनात्मक मजबूती के लिए ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन निरंतर प्रयास करता रहेगा।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गीत के साथ हुआ। अंत में भोजपुर में पुलिस गोलीबारी में मृत भरत भूषण तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। उपस्थित सभी पत्रकारों एवं अतिथियों ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संवेदना व्यक्त की। इसके साथ ही राज्य स्तरीय बैठक एवं बिहार इकाई गठन समारोह का विधिवत समापन हुआ।















