गुप्त सूचना पर छापेमारी कर की गई कार्रवाई
अवैध कटाई में इस्तेमाल सखुआ की तीन गुल्ली बरामद
आरोपियों को भेजा गया न्यायिक हिरासत में
वाल्मीकिनगर: जटाशंकर वन क्षेत्र में अवैध रूप से पेड़ों की कटाई करने वालों के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से अवैध रूप से काटी गई सखुआ की तीन गुल्ली बरामद की गई। कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोचन राम (पिता- स्व. सुदर्शन राम), निवासी टीना शेड कॉलोनी तथा प्रदीप कुमार (पिता- नारायण राउत), निवासी हॉस्पिटल कॉलोनी, थाना-वाल्मीकिनगर के रूप में हुई है। विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग जटाशंकर वन क्षेत्र में अवैध रूप से पेड़ों की कटाई कर कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर वाल्मीकिनगर रेंजर सत्यम कुमार के निर्देश पर वनपाल आशीष कुमार की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जंगल में छापेमारी की और दोनों आरोपियों को मौके पर ही सखुआ की तीन गुल्ली के साथ गिरफ्तार कर लिया। बरामद लकड़ी को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
रेंजर सत्यम कुमार ने बताया कि वन संपदा की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अवैध कटाई और वन अपराध में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जंगलों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।
उल्लेखनीय है कि जटाशंकर वन क्षेत्र जैव विविधता और प्राकृतिक संपदा से समृद्ध क्षेत्र है। यहां होने वाली अवैध कटाई पर्यावरण और वन्यजीवों के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। वन विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी वन अपराध या अवैध कटाई की जानकारी मिले तो तत्काल विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।














