वाल्मीकिनगर विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री को पत्र भेजकर विधानसभा क्षेत्र की दो प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण और दोनों किनारों पर पक्के नाले के निर्माण की स्वीकृति देने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे क्षेत्र के हजारों लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
विधायक ने पत्र में बताया कि बगहा-2 प्रखंड के रामपुर से हरनाटांड़ तक जाने वाली पीडब्ल्यूडी सड़क तथा मधुबनी प्रखंड में पीडब्ल्यूडी मुख्य पथ से बांसी तक जाने वाली सड़क काफी संकीर्ण है। सड़क की कम चौड़ाई के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे आम लोगों, स्कूली बच्चों, मरीजों और एम्बुलेंस के आवागमन में भारी परेशानी होती है। बरसात के दिनों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
जनहित का हवाला देते हुए विधायक ने दोनों सड़कों का शीघ्र चौड़ीकरण कराने के साथ-साथ दोनों ओर पक्के नालों का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि यातायात सुगम होने के साथ जलजमाव की समस्या से भी राहत मिल सके।
विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी विभाग को पत्र भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता ने विधानसभा प्रश्न के उत्तर में जानकारी दी थी कि बांसी–देवीपुर–रंगललही पथ के चौड़ीकरण का प्रस्ताव वार्षिक कार्य योजना 2025-26 के तहत मुख्यालय को भेजा गया है। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।














