मानसून की शुरुआत के साथ गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। ऐसे में पिपरासी से ठकराहा तक पी तटबंध पर संभावित कटाव को देखते हुए बाल्मीकिनगर के विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने तटबंध का निरीक्षण कर उसकी मजबूती और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने तटबंध की स्थिति का अवलोकन किया तथा जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से संभावित बाढ़ और कटाव से निपटने की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।


इस दौरान जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता एवं अन्य अधिकारियों ने विधायक को बताया कि विभाग पूरी तरह सतर्क है। कटाव और बाढ़ जैसी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन, सामग्री और मानवबल उपलब्ध है तथा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
विधायक ने कहा कि बरसात के मौसम में तटबंधों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए प्रशासन और विभाग पूरी तरह मुस्तैद है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।













