बगहा/पश्चिम चंपारण। जिले के आठ नवसृजित डिग्री कॉलेजों में 15 जुलाई को ऑनलाइन माध्यम से शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ किया जाएगा। माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से इन महाविद्यालयों में पढ़ाई की औपचारिक शुरुआत करेंगे।
इस पहल के तहत पिपरासी, भीतहा, ठकराहा, सिकटा और जोगापट्टी सहित जिले के कुल आठ नवसृजित डिग्री कॉलेजों में शैक्षणिक गतिविधियां शुरू होंगी। इससे क्षेत्र के हजारों छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।
शिक्षा विभाग के अनुसार, ऑनलाइन उद्घाटन कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों, महाविद्यालय के शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रहेगी।
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि नवसृजित डिग्री कॉलेजों के संचालन से जिले में उच्च शिक्षा को नई दिशा मिलेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को इसका सीधा लाभ प्राप्त होगा।
पिपरासी, भीतहा, ठकराहा, सिकटा और जोगापट्टी सहित जिले के आठ नवसृजित डिग्री कालेजों में 15 जुलाई को ऑनलाइन शैक्षणिक सत्र का प्रारम्भ करेंगे माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी। बिहार के भागलपुर से नए सत्र का होगा शुभारम्भ। सांसद सुनील कुमार भी उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे जबकि प्रभारी मंत्री लखेद्र कुमार पासवान चनपटिया से करेंगे शुभारम्भ।














