पूर्व मध्य रेल हाजीपुर के अपर महाप्रबंधक अमरेंद्र कुमार ने शनिवार को नरकटियागंज जंक्शन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जंक्शन पर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया और रेल कर्मचारियों को उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर के विभिन्न प्लेटफार्म, मुख्य क्रू लॉबी नियंत्रक कार्यालय और रेल परिसर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का गहन निरीक्षण किया। एजीएम के दौरे को लेकर स्थानीय रेल अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल रही तथा अधिकारी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे रहे।
निरीक्षण के क्रम में एजीएम सबसे पहले मुख्य क्रू लॉबी कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने उपलब्ध सुविधाओं, रजिस्ट्री, साफ-सफाई, कर्मचारियों की उपस्थिति, विश्राम कक्ष और परिचालन से जुड़े अभिलेखों की जांच की। उन्होंने लोको पायलट और गार्ड से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। साथ ही क्रू लॉबी में कार्यरत कर्मियों को समयबद्धता, अनुशासन और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जंक्शन प्रबंधक मोहम्मद कलीम, आईओडब्लयू दिनेश मंडल, आरपीएफ पोस्ट कमांडर ऋतुराज कश्यप समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
एजीएम ने रेल परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफॉर्म पर यात्री सुविधाओं के विस्तार, स्टेशन सौंदर्यीकरण, भवन मरम्मत और अन्य विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों से कार्यों की गुणवत्ता और समय सीमा के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
डिस्क्लेमर: यह खबर उपलब्ध स्रोत जानकारी के आधार पर तैयार की गई है। आधिकारिक पुष्टि, दस्तावेज या जांच रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों में बदलाव संभव है।

