पश्चिम चंपारण के जिला कृषि पदाधिकारी सरफराज असगर ने बुधवार को सिकटा प्रखंड के विभिन्न उर्वरक दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान किसानों से यूरिया की उपलब्धता और निर्धारित सरकारी दर पर बिक्री की जानकारी ली । उन्होंने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि यूरिया निर्धारित मूल्य पर ही बेचा जाए तथा किसी भी किसान को उर्वरक के साथ अन्य उत्पाद खरीदने के लिए बाध्य नहीं किया जाए। अनियमितता, कालाबाजारी या टैगिंग की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण सिकटा में यूरिया की तस्करी रोकने के लिए जिला कृषि पदाधिकारी ने सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक भी की। बैठक में सीमा पर निगरानी और चौकसी बढ़ाकर यूरिया की अवैध तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने पर सहमति बनी।













