बेतिया। 24 अगस्त 1942 को भारत माता को गुलामी की बेड़ियों से मुक्त कराने के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले बेतिया के आठ अमर शहीदों की स्मृति में सोमवार को शहीद स्मारक परिसर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं गणमान्य लोगों ने शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

श्रद्धांजलि समारोह की शुरुआत सशस्त्र बल के जवानों द्वारा शहीदों के सम्मान में दी गई सलामी परेड से हुई। इसके बाद महापौर श्रीमती गरिमा देवी सिकारिया, जिलाधिकारी तरनजोत सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम, उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन सहित अन्य अधिकारियों एवं गणमान्य लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित की।
इस मौके पर जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि बेतिया की धरती के वीर सपूतों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देकर इतिहास में अमिट स्थान बनाया। उनका त्याग और बलिदान आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सर्वोपरि है और प्रत्येक नागरिक को देश के सम्मान, एकता एवं विकास के लिए अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना चाहिए।
जिलाधिकारी ने लोगों से अमर शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा जिले, राज्य और देश के विकास में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया

श्रद्धांजलि सभा के दौरान शहीदों के परिजनों को भी सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने शहीदों के आश्रितों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उपहार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सरकार और समाज शहीदों के परिवारों के प्रति सदैव कृतज्ञ रहेगा तथा उनके सम्मान और सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा,जिला भू-अर्जन पदाधिकारी,अमरेन्द्र कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी,सुजीत कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी,राकेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति एवं शहीदों के परिजन मौजूद रहे


















