पश्चिम चंपारण। जिले के मैनाटांड प्रखंड अंतर्गत इनरवा थाना क्षेत्र के झझरी गांव में विषैले सांप के काटने से 50 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना बुधवार की बताई जा रही है। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतका की पहचान झझरी गांव निवासी भागिलाल साह की पत्नी लालसा देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, लालसा देवी बुधवार को अपने घर से खेत में काम कर रहे परिवार के सदस्यों के लिए खाना लेकर जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में झाड़ियों के बीच छिपे एक विषैले सांप ने उन्हें डस लिया। सांप के काटते ही उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों की मदद से महिला को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मैनाटांड ले जाया गया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच), बेतिया रेफर कर दिया। परिजन बिना देर किए उन्हें एंबुलेंस से बेतिया लेकर रवाना हुए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि लालसा देवी मिलनसार और सरल स्वभाव की महिला थीं तथा गांव के लोगों के साथ उनका व्यवहार काफी अच्छा था। उनकी असामयिक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

बरसात के मौसम में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ने के कारण ग्रामीणों ने खेतों, झाड़ियों और जलजमाव वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही, किसी भी व्यक्ति को सांप काटने पर झाड़-फूंक के बजाय तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाने की सलाह दी है, ताकि समय पर इलाज मिल सके और जान बचाई जा सके।













