आगामी 23 जुलाई से 8 अगस्त तक नगर निगम इच्छुक और योग्य संवेदक ई-टेंडरिंग की निर्धारित विधि से कर सकते हैं ऑनलाइन दावेदारी,*
संजीव तिवारी रिपोर्टर
बेतिया। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-2 में लंबे समय से प्रतीक्षित पीसीसी सड़क एवं नाला निर्माण कार्य के लिए नगर निगम द्वारा निविदा जारी कर दी गई है। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि योजना के धरातल पर उतरने से स्थानीय लोगों को जलजमाव और जर्जर सड़क की समस्या से काफी राहत मिलेगी। इसके साथ ही पश्चिम करगहिया मुहल्ले में आवागमन की पहले की तुलना में अधिक सुगम हो जाएगा।
महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि नगर निगम प्रशासन द्वारा जारी निविदा के अनुसार अशोक जायसवाल के घर से पश्चिम करगहिया स्थित अरविंद साह के घर तक पीसीसी सड़क एवं नाला का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस योजना की प्राक्कलित लागत करीब 1.89 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है तथा निर्माण कार्य पूरा करने की अवधि छह माह तय की गई है। महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि 23 जुलाई से 8 अगस्त 2026 तक में इच्छुक और योग्य संवेदक ई-टेंडरिंग की निर्धारित विधि से ऑनलाइन दावेदारी कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता प्रत्येक वार्ड में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना है। सड़क और जल निकासी व्यवस्था बेहतर होने से स्थानीय नागरिकों को वर्षा के दौरान होने वाली कठिनाइयों से राहत मिलेगी और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
नगर निगम द्वारा जारी निविदा के अनुसार इच्छुक संवेदक ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल के माध्यम से निविदा प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे। तकनीकी एवं वित्तीय निविदाओं का निष्पादन विभागीय नियमों के अनुरूप किया जाएगा। महापौर ने भरोसा जताया कि पारदर्शी प्रक्रिया के तहत गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित कर वार्ड-2 के लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।













