प्रखंड परिसर में सोमवार को पंचायत समिति की विशेष बैठक प्रखंड प्रमुख अंजू देवी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जीपीडीपी, बीपीडीपी, डीपीडीपी और 15वें वित्त आयोग की राशि से होने वाले विकास कार्यों को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी आर के राघव समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे। बीपीओ ने बताया कि पटना में प्रशिक्षण कार्यक्रम के कारण कुछ विभागों के अधिकारी
समिति की बैठक में सदस्यों से नोंकझोक नहीं पहुंच सके।
जनप्रतिनिधियों ने उठाए ये मुद्दे
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बिजली और खाद आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से रखीं।
श्रीनगर पंचायत के क्षेत्र पंचायत समिति सदस्य प्रदीप चौरसिया ने कहा कि शिक्षकों के बार-बार प्रतिनियोजन से स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विभाग को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
वहीं ठकराहा के क्षेत्र पंचायत सदस्य श्रीप्रकाश गुप्ता ने खाद आपूर्ति कार्यालय के लगातार बंद रहने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कार्यालय बंद रहने से आम लोगों को परेशानी हो रही है। अधिकारियों से नियमित संचालन सुनिश्चित कराने की मांग की गई।
योजनाओं में प्राथमिकता पर जोर
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पंचायतों में प्रस्तावित योजनाओं का चयन करते समय क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों को प्राथमिकता दी जाए। सभी मुखिया, क्षेत्र पंचायत सदस्य, विधायक और सांसद प्रतिनिधि बैठक में मौजूद रहे और अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की।


















