बेतिया: नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में आयोजित सहयोग शिविरों का महापौर गरिमा देवी ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविरों में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, लाभुकों के पंजीकरण तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया।
महापौर ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने शिविर में मौजूद लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने शिविरों में बेहतर व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।














