नशा मुक्त भारत सप्ताह के तहत बुधवार को राज इंटर कॉलेज, बेतिया में "नशा मुक्त भारत अभियान – विकसित भारत की पहचान" विषय पर क्विज, निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सरकारी माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के 75 छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता में राज इंटर कॉलेज, एसएस गर्ल्स हाई स्कूल, केदार पांडेय हाई स्कूल, +2 विपिन हाई स्कूल, बरवत परसाइन, बरवत सेना, बानू छपरा, सिंघाछापर, पूर्वी करगहिया, पिपरा पकड़ी एवं चनपटिया के गणेश प्रसाद उच्च विद्यालय सहित कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना है। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपने विचारों और रचनात्मक अभिव्यक्तियों के माध्यम से नशामुक्त समाज का संदेश दिया।















