प•चम्पारण/बेतिया राज की जमीन पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन ने करीब 500 लोगों को नोटिस जारी करते हुए उनसे संबंधित भूमि अभिलेखों और जमाबंदी के दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। जांच में अनियमितता पाए जाने पर अवैध जमाबंदी रद्द करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, बेतिया राज की बहुमूल्य जमीन पर वर्षों से अवैध कब्जे और संदिग्ध तरीके से जमाबंदी किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के आधार पर राजस्व विभाग द्वारा व्यापक जांच अभियान चलाया जा रहा है। जांच के दौरान जिन मामलों में नियमों का उल्लंघन सामने आएगा, उनकी जमाबंदी रद्द कर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नोटिस प्राप्त करने वाले सभी लोगों को निर्धारित समय के भीतर अपना पक्ष रखने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा। इसके बाद विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस पहल से अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है। वहीं स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई होती है तो सरकारी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और भविष्य में अवैध कब्जों पर रोक लगेगी। प्रशासन ने कहा है कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।














