पश्चिमी चंपारण के ठकराहा प्रखंड ने एक बार फिर खेल के मैदान में अपनी धाक जमाई है। ठकराहा के युवा पहलवान पुनीत मिश्रा ने बिहार अंडर-23 सीनियर स्टेट रेसलिंग चैंपियनशिप 2026 में 61 किलोग्राम फ्री स्टाइल वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया है। ज्ञात हो कि पुनीत मिश्रा के पिता बरम मिश्रा दिल्ली में मेहनत मजदूरी करते है।
मोतिहारी में दिखाया दमखम
बिहार कुश्ती संघ की ओर से मोतिहारी के खेल भवन इंडोर स्टेडियम में 29-30 जून को आयोजित राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर के नामी पहलवानों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में पुनीत मिश्रा ने शानदार दांव-पेच दिखाते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी को चित कर दिया और प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रमाण पत्र में दर्ज हुई उपलब्धि
बिहार कुश्ती संघ के अध्यक्ष विशाल सिंह, महासचिव विनय कुमार सिंह व ईस्ट चंपारण जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष सुधाकर द्विवेदी के हस्ताक्षर से जारी प्रमाण पत्र में पुनीत को ईस्ट चंपारण जिले से 61 किलो फ्री स्टाइल वर्ग में प्रथम स्थान पर आने के लिए सम्मानित किया गया है।
पुनीत की जीत की खबर मिलते ही ठकराहा प्रखंड सहित पूरे पश्चिमी चंपारण में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद पुनीत ने जो मेहनत और अनुशासन दिखाया, वह इलाके के युवाओं के लिए मिसाल है।
















