18 लीटर देशी चुलाई शराब बरामद, कारोबारी फरार; पांच नामजद समेत अज्ञात के विरुद्ध कार्रवाई
बगहा। संवाददाता।चौतरवा थाना क्षेत्र के मझौवा धांगण टोली में मंगलवार को चुलाई शराब के विरुद्ध पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। चौतरवा थाना के एएसआई इक़्तेदार अहमद के नेतृत्व में जिला से पहुंची एलटीएफ टीम के सहयोग से गांव में छापेमारी अभियान चलाया गया। पुलिस की कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने शराब निर्माण के लिए तैयार किए गए करीब 5000 लीटर पास (महुआ-मीठा) को मौके पर ही नष्ट कर दिया। वहीं, कार्रवाई के दौरान 18 लीटर देशी चुलाई शराब भी बरामद की गई। पुलिस टीम के पहुंचते ही संबंधित कारोबारी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, अवैध रूप से चुलाई शराब तैयार करने और कारोबार करने वालों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में मंगलवार को मझौवा धांगण टोली में यह कार्रवाई की गई। मामले में पांच नामजद आरोपितों सहित अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।थानाध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शराब निर्माण की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी तथा फरार कारोबारियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही है।



















