बगहा। पश्चिम चंपारण जिले में लगातार हो रहे कटाव को लेकर प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। बुधवार को जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने बगहा-2 प्रखंड के मंगलपुर और मधुबनी प्रखंड के रेवहिया गांव पहुंचकर कटाव प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। डीएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और अभियंताओं से कटाव की मौजूदा स्थिति के साथ-साथ अब तक किए गए बचाव और निरोधात्मक कार्यों की जानकारी ली।
स्थल निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने प्रभावित इलाकों में पानी के बहाव और कटाव की स्थिति को करीब से देखा। उन्होंने रोहुआ नाला में पानी के दबाव का भी आकलन किया। अधिकारियों से उन्होंने जानकारी ली कि किन स्थानों पर पानी का दबाव बढ़ने की संभावना है और जल प्रवाह बढ़ने की स्थिति में आसपास के गांवों पर इसका क्या असर पड़ सकता है।

डीएम ने अभियंताओं से संभावित संवेदनशील स्थलों की सूची और वहां की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने यह भी पूछा कि कटाव की रोकथाम के लिए किन स्थानों पर फिलहाल कार्य चल रहा है और किन क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा उपायों की जरूरत है। फ्लड डिविजन, बगहा के कार्यपालक अभियंता ने उन्हें कटावरोधी कार्यों, जल प्रवाह और संवेदनशील स्थलों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कटावरोधी और सुरक्षात्मक कार्यों में तेजी लाई जाए।

उन्होंने कहा कि जहां भी खतरे की आशंका अधिक है, वहां विशेष निगरानी रखी जाए। आवश्यक सामग्री और संसाधनों को पहले से तैयार रखने का निर्देश भी दिया गया, ताकि स्थिति बिगड़ने पर बिना देरी के बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

डीएम ने बगहा एसडीएम चांदनी कुमारी को निर्देश दिया कि कटावरोधी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कराई जाए। साथ ही तटबंधों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और आवश्यकता के अनुसार कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि कटाव की रोकथाम और आम लोगों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संवेदनशील क्षेत्रों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को संभावित खतरे का आकलन कर समय रहते सुरक्षात्मक कदम उठाने का निर्देश दिया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित होने से बचाया जा सके।

निरीक्षण के दौरान बगहा एसडीएम चांदनी कुमारी, जिला गोपनीय शाखा के विशेष कार्य पदाधिकारी सुजीत कुमार सहित संबंधित स्थानीय पदाधिकारी, अभियंता और कर्मी मौजूद रहे।




















