बेतिया। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि नगर निगम के सघन शहरी क्षेत्र में नागरिक प्रसाधन सुविधाओं के विस्तार की पहल तेज की गई है। इसको लेकर नगर निगम द्वारा पारित प्रस्ताव के आधार पर भीड़भाड़ वाले महत्वपूर्ण स्थानों पर सार्वजनिक मूत्रालयों के निर्माण कार्य के लिए चयनित संवेदकों के नाम से कार्यादेश जारी किया गया है। इसके तहत नगर निगम क्षेत्र के बेतिया बगहा रोड पर छावनी ओवर ब्रिज के नीचे और बेतिया मैनाटांड़ रोड पुल के नीचे के सार्वजनिक मूत्रालयों का निर्माण कार्य का महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने निरीक्षण किया। इस मौके पर महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि जन उपयोगी इन प्रसाधन सुविधा की योजनाओं को पूरा करने के लिए ई टेंडरिंग विधि से चयनित संवेदक के लिए कार्यादेश जारी किया गया है। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि सार्वजनिक मूत्रालयों के अभाव में लोगों को असुविधा के साथ-साथ खुले में मूत्र त्याग जैसी अनिवार्यता की स्थिति में असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। वही दूसरी तरफ इससे शहर की स्वच्छता और पर्यावरण दोनों प्रभावित होते हैं।
महापौर ने बताया कि स्वच्छ और व्यवस्थित शहर बनाने के लिए केवल सड़कों, नालियों और कचरा प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। सार्वजनिक प्रसाधन सुविधाओं की उपलब्धता और उनका नियमित रखरखाव भी संपूर्ण स्वच्छता अभियान का अहम हिस्सा है।




















