बेतिया। जिला पदाधिकारी, पश्चिम चम्पारण, श्री तरनजोत सिंह ने आज बगहा-02 प्रखंड अंतर्गत मंगलपुर तथा मधुबनी प्रखंड अंतर्गत रेवहिया गांव में हो रहे कटाव का स्थल निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं से कटाव की वर्तमान स्थिति तथा अब तक किए गए निरोधात्मक एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने रोहुआ नाला में पानी के दबाव एवं संभावित जल प्रवाह की स्थिति का भी बारीकी से अवलोकन किया।
उन्होंने संबंधित अभियंताओं से यह जानकारी ली कि किन-किन स्थानों पर पानी का दबाव बढ़ने की संभावना है तथा इससे आसपास के क्षेत्रों में कटाव एवं बाढ़ का क्या प्रभाव पड़ सकता है।कार्यपालक अभियंता, फ्लड डिविजन, बगहा द्वारा जिला पदाधिकारी को कटाव स्थल पर किए जा रहे कार्यों, जल प्रवाह की स्थिति एवं संभावित संवेदनशील स्थलों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।जिला पदाधिकारी ने कटावरोधी एवं सुरक्षात्मक कार्यों में तेजी लाने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि कटाव की स्थिति को देखते हुए सभी आवश्यक संसाधनों एवं सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित रखें तथा आवश्यकता के अनुरूप तत्काल कार्रवाई करें। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि कटावरोधी कार्य की सतत मॉनिटरिंग, तटबंधों की निगरानी एवं आवश्यकतानुसार कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करना सुनिश्चित करेंगे।जिला पदाधिकारी ने कहा कि कटाव की रोकथाम एवं आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी परिस्थिति में कार्य में शिथिलता नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए संवेदनशील स्थलों पर समय रहते आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, बगहा, श्रीमती चांदनी कुमारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा, श्री सुजीत कुमार सहित संबंधित स्थानीय पदाधिकारी, अभियंता एवं कर्मी उपस्थित थे।



















