झूला लगाने पर तत्काल रोक, बिना अनुमति लगाया जा रहा था झूला; वरीय अधिकारियों को भेजा गया संयुक्त प्रतिवेदन
मझौवा कोर्ट माई परिसर में कंश मेले के आयोजन को लेकर सोमवार को शाम को प्रशासन की मौजूदगी में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बगहा के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी तथा चौतरवा थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार के साथ स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए। बैठक में मेला आयोजन को लेकर ग्रामीणों से विचार-विमर्श किया गया तथा विधि-व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की गई।बैठक के दौरान ग्रामीणों की ओर से मेला आयोजन को लेकर आपसी आम सहमति बनाने के लिए दो दिनों का समय मांगा गया।
ग्रामीणों ने कहा कि सभी पक्षों से विचार-विमर्श के बाद ही आयोजन को लेकर सहमति बनाई जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आम सहमति बनने के बाद ही मेला आयोजन के संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल मेले के आयोजन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।इधर, मेला परिसर में झूला लगाए जाने की सूचना पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए झूला लगाने के कार्य पर रोक लगा दी है।
चौतरवा थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि मेले के लिए लगाए जा रहे झूले को तत्काल रोक दिया गया है। झूला लगाने वाले संचालक द्वारा प्रशासन से किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई थी। बिना अनुमति के झूला लगाए जाने को प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए कार्य पर रोक लगाई है।थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि मेला आयोजन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर पूरी स्थिति की निगरानी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की आम सहमति और वरीय पदाधिकारियों के निर्देश के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। मेला आयोजन की स्थिति में विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता होगी।थानाध्यक्ष ने बताया कि पूरे मामले को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के स्तर से संयुक्त प्रतिवेदन तैयार कर वरीय पदाधिकारी को भेजा गया है। वरीय पदाधिकारी से प्राप्त निर्देश के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा। बैठक के दौरान ग्रामीणों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति किसी प्रकार की तैयारी या आयोजन की अनुमति नहीं दी जाएगी।



















