सोमवार सुबह एनएच-727 के लौरिया-बगहा मार्ग में चांडाल चौक के समीप एक तेज रफ्तार बस ने ट्रक को ओवरटेक करते समय बाइक में ठोकर मार दी। हादसे में साठी थाने के वार्ड-6 के बहुअरवा निवासी जयप्रकाश राउत के पुत्र नवीन कुमार पटेल की मौके पर ही मौत हो गई।
दुकानदारों के अनुसार, नवीन बगहा से लौरिया की ओर जा रहा था, जबकि गैस सिलेंडर लदा ट्रक लौरिया से बगहा की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही यात्री बस ने ट्रक को ओवरटेक करने के लिए दाईं ओर चढ़कर बाइक में टक्कर मार दी, जिससे नवीन दूर जाकर गिर पड़ा और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेजा। थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस ने बस को जब्त कर थाने में रखा है। फिलहाल परिजनों द्वारा कोई आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों ने बताया कि नवीन कुमार पटेल यूपीएससी की तैयारी कर रहा था और गोनौली डुमरा पंचायत के मोर बेलवा गांव स्थित अपनी बुआ के घर गया हुआ था। लौटने के दौरान यह हादसा हुआ। वह दो भाई और तीन बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसकी मौत से परिवार में शोक का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं।
डिस्क्लेमर: यह खबर उपलब्ध स्रोत जानकारी के आधार पर तैयार की गई है। आधिकारिक पुष्टि, दस्तावेज या जांच रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों में बदलाव संभव है।




