योजनाओं को धरातल पर कार्यान्वित करने का मिला निर्देश
मझौलिया प्रखंड सभागार में गुरुवार को प्रखंड स्तरीय बीस सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक में छाया रहा राशन कार्ड व यूरिया की कालाबाज़ारी का मुद्दा। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष रामेश्वर राम ने की। प्रखंड के विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, विकास योजनाओं की प्रगति तथा आम जनता से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। सदस्यों ने कई विभागों के कार्यों पर असंतोष व्यक्त करते हुए उनमें शीघ्र सुधार की आवश्यकता बताई।
बैठक के दौरान अंचल कार्यालय, कृषि विभाग में यूरिया की उपलब्धता, विद्युत विभाग, प्रधानमंत्री आवास योजना, जीविका, जन वितरण प्रणाली, स्वास्थ्य विभाग, आंगनवाड़ी, पशुपालन विभाग,नल जल सहित अन्य विभागों की कार्यशैली पर सदस्यों ने चिंता जाहिर की। कई सदस्यों ने कहा कि योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

अध्यक्ष रामेश्वर राम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग अपने कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो संबंधित विभागों के विरुद्ध अनुसंधानात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।
प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन कुमार ने कहा कि बिहार सरकार के निर्देशानुसार विकास कार्यों में आ रही त्रुटियों को तत्काल दूर करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने तथा आम जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जाए।
बैठक के अंत में मंचासीन अतिथियों एवं अधिकारियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बीस सूत्री उपाध्यक्ष अशोक पटेल, सांसद प्रतिनिधि दीपू कुशवाहा, बेतिया विधायक प्रतिनिधि भिखारी सिंह, चनपटिया कांग्रेस विधायक प्रतिनिधि सादिक, प्रमुख प्रतिनिधि मंटू कुशवाहा,उप प्रमुख नरेश यादव, अशोक यादव, अंचलाधिकारी डॉली कुमारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनुपम प्रसाद, बीपीएम गुलाम सरवर, खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी जयप्रकाश मौर्य, सीडीपीओ स्वेता ,बीईओ हफीजुर रहमान, कार्यक्रम पदाधिकारी तरुण कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बीस सूत्री समिति के सदस्य उपस्थित रहे।


















