पश्चिम चंपारण। गौनाहा प्रखंड अंतर्गत मटियरिया पंचायत भवन परिसर स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, मटियरिया में शनिवार को प्रखंड 20 सूत्री उपाध्यक्ष विक्रमा चौधरी के औचक निरीक्षण में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण के दौरान विद्यालय बिना नियमित प्रभार के संचालित होता मिला, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए।
विद्यालय में कुल आठ शिक्षक पदस्थापित हैं। निरीक्षण के समय सहायक शिक्षक अशोक कुमार, त्रिलोकी कुमार, रामेश्वर प्रसाद और रीता गुप्ता उपस्थित मिले। वहीं प्रधान शिक्षक सचिन कुमार तथा सहायक शिक्षक आशीष कुमार वर्मा, दीपकधर द्विवेदी और निशा कुमारी श्रीवास्तव अनुपस्थित पाए गए। सातवीं कक्षा की छात्रा प्रतिमा कुमारी ने बताया कि दीपकधर द्विवेदी, आशीष कुमार वर्मा और निशा कुमारी श्रीवास्तव पिछले एक सप्ताह से विद्यालय नहीं आ रहे हैं। इससे नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि शुक्रवार को मध्याह्न भोजन के दौरान बच्चों को पका हुआ अंडा परोसने के बजाय छुट्टी के समय कच्चा अंडा दिया जाता है, जो सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप नहीं है।

सहायक शिक्षक रामेश्वर प्रसाद ने बताया कि शुक्रवार को प्रधान शिक्षक ने प्रभार पंजी पर उनसे हस्ताक्षर तो करवा लिए, लेकिन कार्यालय की चाबी और विद्यालय से संबंधित अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए। इसके कारण शनिवार को शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति पंजी में दर्ज नहीं हो सकी तथा विद्यालय संचालन प्रभावित रहा। आठवीं कक्षा की छात्राओं सिमरन कुमारी, सोनम कुमारी, बिंद्यवासिनी कुमारी और सोनाक्षी कुमारी ने भी पुष्टि की कि विद्यालय में केवल चार शिक्षक ही उपस्थित थे, जबकि प्रधान शिक्षक समेत तीन शिक्षक अनुपस्थित थे। प्रखंड 20 सूत्री उपाध्यक्ष विक्रमा चौधरी ने मामले की जानकारी दूरभाष पर आरओ सह प्रभारी बीईओ दीपक कुमार राम को दी और कहा कि पूरे मामले की शिकायत वरीय अधिकारियों से भी की जाएगी।
गौरतलब है कि हाल ही में स्थानीय विधायक नंदकिशोर राम के सम्मान समारोह के दौरान भी ग्रामीणों ने प्रधान शिक्षक सचिन कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके स्थानांतरण की मांग की थी। इस संबंध में प्रधान शिक्षक का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद मिला। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इन आरोपों और निरीक्षण में सामने आई अनियमितताओं पर क्या कार्रवाई करता है।













