बगहा। पुलिस जिला के सेमरा थाना क्षेत्र में घर में घुसकर कथित लूटपाट, रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में वृन्दावन गांव निवासी साबीर अंसारी ने सेमरा थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।शिकायतकर्ता साबीर अंसारी ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि शनिवार दोपहर विजय नगर निवासी संदीप कुमार (पिता–मुरारी राम), सुनैना देवी सहित दर्जनों लोग उनके घर में घुस आए। आरोप है कि आरोपितों ने घर में रखी नकदी और जेवरात लूट लिए। विरोध करने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया तथा जान से मारने, जिंदा जलाने और हरिजन एक्ट के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।
पीड़ित ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि घटना के बाद उनका पूरा परिवार भय के माहौल में है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मामले में शामिल सभी आरोपितों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
मामले की सूचना मिलने के बाद सेमरा थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आवेदन में लगाए गए सभी आरोपों की बारीकी से जांच की जा रही है। घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सेमरा थानाध्यक्ष रश्मि कुमारी ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुरूप दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जांच पूरी निष्पक्षता के साथ की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।














