पश्चिम चम्पारण। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर सोमवार को पश्चिम चम्पारण जिला इकाई ने जिला पार्टी कार्यालय में जीबी बैठक आयोजित कर NEET परीक्षा विवाद और छात्र-युवा आंदोलन के समर्थन में आवाज बुलंद की। बैठक में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों के हितों की रक्षा को लेकर सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की। बैठक की शुरुआत आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले छात्र-छात्राओं को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। साथ ही घायल छात्रों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग उठाई गई। नेताओं ने गिरफ्तार छात्रों को बिना शर्त रिहा करने, आंदोलनकारियों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके अलावा वर्ष 2025 की शिक्षा नीति को वापस लेकर छात्रों के हित में नई नीति लागू करने की मांग भी दोहराई गई।

बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि देशभर में छात्र-युवा आंदोलन ने लोकतंत्र को नई मजबूती दी है। उन्होंने कहा कि युवाओं ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि वे नफरत और विभाजन की राजनीति नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, समान अवसर, रोजगार और सुरक्षित भविष्य चाहते हैं। नेताओं का कहना था कि देश की बड़ी युवा आबादी अपने अधिकारों और भविष्य को लेकर जागरूक है तथा लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद कर रही है। भाकपा नेताओं ने छात्र-युवा आंदोलन की सफलता को लोकतंत्र की जीत बताते हुए कहा कि सरकार को युवाओं की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए और परीक्षा प्रणाली में व्याप्त अनियमितताओं को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था ही देश के लाखों छात्रों का भविष्य सुरक्षित कर सकती है।

बैठक के बाद जिला पार्टी कार्यालय से विजय जुलूस निकाला गया। जुलूस शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए शहीद पार्क पहुंचा, जहां स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर लोकतंत्र की जीत का जश्न मनाया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने छात्र-युवा आंदोलन के समर्थन में नारे लगाए और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग दोहराई। जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल तैनात रहे।

कार्यक्रम का नेतृत्व भाकपा जिला सचिव ओम प्रकाश क्रांति ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता अहमद अली, राज्य परिषद सदस्य केदार चौधरी, किसान नेता राधामोहन यादव, अशोक मिश्र, जिला कोषाध्यक्ष बब्लू दूबे, चन्द्रिका प्रसाद, बाबूलाल चौरसिया, आरती, अली अहमद, मदन शर्मा, संजय सिंह, हरेन्द्र दूबे, साधु सिंह, चन्द्र भूषण सिंह, कृष्ण नन्दन सिंह, ध्रुव नाथ तिवारी, मोहन यादव, मुन्नू दूबे सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



















