मैनाटांड़। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारतीय खाद की नेपाल तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया। कार्रवाई के दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका एक साथी मोटरसाइकिल छोड़कर मौके से फरार हो गया। एसएसबी ने दो मोटरसाइकिलों के साथ छह बोरी भारतीय खाद भी जब्त की है।

एसएसबी से मिली जानकारी के अनुसार, बीओपी आमटोला की त्वरित गश्ती टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि भारतीय खाद की खेप अवैध रूप से नेपाल भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 420/13 के समीप नियमित गश्त के दौरान नेपाल की ओर जा रही दो भारतीय नंबर की मोटरसाइकिलों को रोकने का प्रयास किया। जवानों को देखते ही एक चालक मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गया, जबकि दूसरे चालक को मौके पर ही पकड़ लिया गया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान ओमप्रकाश साह, पिता रामेश्वर साह, निवासी इनरवा, के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान एक हीरो होंडा स्प्लेंडर और एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल पर तीन-तीन बोरे भारतीय खाद लदे मिले। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि खाद को अवैध रूप से नेपाल ले जाया जा रहा था। एसएसबी ने दोनों मोटरसाइकिलों, छह बोरी खाद तथा गिरफ्तार तस्कर को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग के हवाले कर दिया है। फरार तस्कर की तलाश भी की जा रही है। एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर लगातार गश्त, खुफिया निगरानी और विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी का परिणाम है कि खाद, खाद्यान्न और अन्य आवश्यक वस्तुओं की अवैध तस्करी पर लगातार अंकुश लगाया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सीमा पार तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।













