बेतिया। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने पक्की पुलवारी मुहल्ले के आंगनबाड़ी केंद्र और उत्तरवारी पोखरा शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर के समीप स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम-2.0) के तहत निर्माणाधीन सार्वजनिक शौचालय का शनिवार को स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसी और संबंधित अभियंता और संवेदक को स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों, स्वीकृत प्राक्कलन तथा गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही पूरा किया जाए।
किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा घटिया सामग्री का उपयोग स्वीकार नहीं किया जाएगा।महापौर ने कहा कि सार्वजनिक उपयोग की इस महत्वपूर्ण परियोजना का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर महिलाओं एवं राहगीरों को स्वच्छ और सुरक्षित शौचालय सुविधा उपलब्ध कराना है। इसलिए निर्माण कार्य में गुणवत्ता, मजबूती और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने संवेदक को निर्देश दिया कि ब्लैक स्टोन, सोन बालू सहित सभी निर्माण सामग्री निर्धारित मानकों के अनुरूप ही उपयोग की जाए तथा कार्य की नियमित तकनीकी निगरानी सुनिश्चित की जाए।

महापौर श्रीमती सिकारिया ने नगर निगम के साइट इंचार्ज अभियंता को भी निर्देशित किया कि निर्माण के प्रत्येक चरण की जांच कर मापी पुस्तिका के अनुसार कार्य का सत्यापन करें। कार्यस्थल पर सूचना पट्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित रहे तथा निर्माण की प्रगति का फोटोग्राफिक अभिलेख भी सुरक्षित रखा जाए।

महापौर ने कहा कि गुणवत्ता संबंधी शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर दोषी पाए जाने पर संवेदक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और आवश्यक होने पर भुगतान भी रोका जाएगा।महापौर ने विश्वास जताया कि निर्धारित अवधि के भीतर मानक गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूर्ण होने पर वार्ड-5 के नागरिकों को स्वच्छता सुविधाओं स्वच्छता सुविधाओं का बेहतर लाभ मिलेगा और स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को भी मजबूती मिलेगी।


















