पश्चिम चंपारण के बेतिया से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां मामूली कहासुनी ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। बैरिया थाना क्षेत्र के हडसरैया वार्ड नंबर-2 में बड़े भाई ने कथित तौर पर अपने ही छोटे भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी।
मृतक के पिता रामतुल्लाह आलम के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 9 बजे किसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद दोनों एक कमरे में चले गए, जहां झगड़ा बढ़ गया। आरोप है कि बड़े भाई असलम आलम ने 18 वर्षीय इब्राहिम आलम पर चाकू से हमला कर दिया।

शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल इब्राहिम को इलाज के लिए बेतिया जीएमसीएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बैरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया। वहीं, आरोपी भाई असलम आलम को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और सनसनी का माहौल है












