विशेष समकालीन अभियान के तहत बगहा एसपी राजेश कुमार का औचक निरीक्षण, लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन व प्रभावी पुलिसिंग के दिए निर्देश
बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना के निर्देशानुसार संचालित विशेष समकालीन अभियान के तहत बगहा पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने पुलिस जिला अंतर्गत विभिन्न थाना क्षेत्रों का भ्रमण कर पुलिसिंग व्यवस्था का गहन निरीक्षण एवं समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान थाना स्तर पर कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने निरीक्षण के दौरान डायल-112 की कार्यप्रणाली, थाना स्तर पर लंबित कांडों के निष्पादन की प्रगति, विभिन्न प्रतिवेदनों एवं थाना अभिलेखों के संधारण, रात्रि गश्ती व्यवस्था तथा विधि-व्यवस्था संधारण से संबंधित तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित थानाध्यक्षों एवं पुलिस पदाधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने, अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण करने, रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाने तथा डायल-112 के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
एसपी राजेश कुमार ने आमजन के प्रति संवेदनशील एवं जवाबदेह पुलिसिंग को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल देते हुए कहा कि सभी पुलिस पदाधिकारी कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के लिए पूरी सतर्कता एवं सक्रियता के साथ कार्य करें, ताकि लोगों को सुरक्षित एवं बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध हो सके।















