लाइन बनाने के दौरान हादसा, परिजनों ने पोस्टमार्टम और केस कराने से किया इनकार
चौतरवा/बगहा।चौतरवा थाना क्षेत्र के रायबारी महुअहवा गांव में सोमवार सुबह बिजली का काम करने के दौरान करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रायबारी महुअहवा गांव निवासी सबिर अहमद के लगभग 35 वर्षीय पुत्र हामिद उर्फ राजू गांव के ही इरसाद अली के घर बिजली की लाइन ठीक करने गए थे। इसी दौरान अचानक विद्युत प्रवाहित हो जाने से वह करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। घटना करीब सुबह 11 बजे की बताई जा रही है।हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए रामनगर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में मातम पसर गया।
घटना की सूचना मिलते ही सर्किल इंस्पेक्टर नीरज कुमार के नेतृत्व में चौतरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की।इस संबंध में एसडीपीओ निहार भूषण ने दूरभाष पर बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक किसी के घर बिजली की लाइन बनाने गया था, जहां करंट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजना चाह रही थी, लेकिन मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने और किसी प्रकार का मामला दर्ज कराने से इनकार कर दिया। इसके बावजूद पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
















