चौतरवा।बगहा पुलिस जिला के चौतरवा थाना क्षेत्र के सिकटौर गांव में विवाह के महज तीन माह बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही चौतरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेज दिया। मामले में मायके पक्ष ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है।मृतका की पहचान सिकटौर गांव निवासी मन्नू राम की 20 वर्षीय पत्नी सोनम कुमारी के रूप में हुई है। सोनम नवलपुर थाना क्षेत्र के सेमरी भवानीपुर गांव निवासी गोलू राम की पुत्री थी। परिजनों के अनुसार दोनों का विवाह करीब तीन माह पूर्व सामाजिक रीति-रिवाज के साथ हुआ था।
मृतका के चाचा कन्हैया ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें विवाह कराने वाले अगुआ सिकंदर राम ने फोन पर दी। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य सोनम के ससुराल पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनम के गले और सीने पर चोट के निशान थे, जिससे यह मामला सामान्य मौत नहीं बल्कि हत्या का प्रतीत होता है।
मायके पक्ष का आरोप है कि विवाह के समय दहेज में अपाचे मोटरसाइकिल की मांग की गई थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्होंने अपाचे के स्थान पर स्प्लेंडर बाइक दी थी। आरोप है कि इसी बात को लेकर ससुराल पक्ष लगातार सोनम को प्रताड़ित करता था और अतिरिक्त दहेज की मांग करता था। परिजनों का कहना है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई।इधर, मामले में बगहा के एसडीपीओ निहार भूषण ने बताया कि एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने कहा कि मायके पक्ष दहेज हत्या का आरोप लगा रहा है, लेकिन मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
एसडीपीओ ने बताया कि परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ था। आवेदन मिलने के बाद साक्ष्यों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।















