पश्चिम चंपारण। भारत-नेपाल सीमा से सटे इनरवा बाजार के लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली है। आम नागरिकों को किफायती दर पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यहां सरकारी अंग्रेजी दवाखाना का शुभारंभ किया गया। बाल्मीकि नगर के सांसद सुनील कुमार कुशवाहा ने सांसद प्रतिनिधि भागवत ठाकुर निराला के साथ फीता काटकर केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद सुनील कुमार कुशवाहा ने कहा कि केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना का उद्देश्य गरीब, मध्यम वर्ग और जरूरतमंद मरीजों को कम कीमत पर बेहतर गुणवत्ता की दवाइयां उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत मरीजों को बाजार मूल्य की तुलना में 50 से 90 प्रतिशत तक कम कीमत पर दवाइयां मिलती हैं, जिससे इलाज का खर्च काफी कम हो जाता है।

दवाखाना संचालक ने बताया कि इस केंद्र पर 2,000 से अधिक प्रकार की गुणवत्तापूर्ण दवाइयां और 300 से अधिक सर्जिकल उत्पाद उपलब्ध हैं। सभी दवाइयां निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हैं और बाजार की तुलना में काफी कम कीमत पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इनरवा बाजार के नेपाल गली स्थित इस केंद्र का लाभ सीमावर्ती गांवों के साथ-साथ नेपाल से आने वाले जरूरतमंद लोगों को भी मिल सकेगा। उद्घाटन समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यवसायी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में इस तरह की स्वास्थ्य सुविधा शुरू होने से लोगों को सस्ती दवाइयों के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। लोगों ने उम्मीद जताई कि यह केंद्र क्षेत्र के हजारों परिवारों के लिए राहत का माध्यम बनेगा और स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।













