बगहा।बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना के निर्देशानुसार संचालित विशेष समकालीन अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक, बगहा ने शनिवार को पुलिस जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों का भ्रमण कर पुलिसिंग व्यवस्था का गहन निरीक्षण एवं समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान थानों में लंबित कांडों की प्रगति, डायल-112 की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के संधारण, रात्रि गश्ती व्यवस्था तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया गया।एसपी ने थाना प्रभारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने, अभिलेखों को अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने तथा डायल-112 सेवा को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।निरीक्षण के दौरान रात्रि गश्ती व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, अपराध नियंत्रण के लिए सतत निगरानी रखने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी सतर्कता, अनुशासन एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए प्रत्येक थाना क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण तथा जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के क्रम में थानों के अभिलेखों की भी जांच की गई तथा आवश्यक सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा कानून-व्यवस्था को हर हाल में सुदृढ़ बनाए रखना है। विशेष अभियान के तहत ऐसे निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाया जा सके।














