फिर खूनी हुआ जमीन विवाद: दौनहा में दंपती पर हमला, सड़क जाम; उठे सवाल—समय रहते प्रशासन ने क्यों नहीं सुलझाया विवाद?
धनहा (प. चम्पारण)। बगहा पुलिस जिले के धनहा थाना क्षेत्र के दौनहा गांव में मंगलवार को वर्षों से चले आ रहे भूमि विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में हीरा निषाद और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने धनहा-बांसी मुख्य मार्ग पर घायलों को लिटाकर सड़क जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि भूमि विवाद का समय रहते राजस्व विभाग और अंचल प्रशासन स्तर पर निष्पक्ष समाधान कराया गया होता, तो मामला मारपीट और रक्तपात तक नहीं पहुंचता। लोगों का आरोप है कि लंबे समय से चल रहे विवाद के बावजूद स्थायी समाधान नहीं निकल सका, जिसका परिणाम हिंसक संघर्ष के रूप में सामने आया।

सड़क जाम के कारण मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही धनहा थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया और यातायात बहाल कराया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मारपीट के आरोप में दूसरे पक्ष के चार लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं घायल हीरा निषाद एवं उनकी पत्नी को उपचार के लिए मधुबनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, स्व. अक्षयलाल निषाद के पुत्र शिवचरण निषाद और रामचरण निषाद का हीरा निषाद के साथ काफी समय से भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार को यही विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
धनहा थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। चार लोगों को हिरासत में लिया गया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब भूमि विवाद लंबे समय से चला आ रहा था, तो क्या राजस्व विभाग और अंचल प्रशासन द्वारा समय रहते इसका समाधान करने का प्रयास किया गया? यदि विवाद पहले से अधिकारियों के संज्ञान में था, तो उसकी प्रभावी सुनवाई क्यों नहीं हुई? इन सवालों के जवाब अब स्थानीय लोग प्रशासन से मांग रहे हैं।















