डीआईयू एवं पटखौली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य संचालक गिरफ्तार, भारी मात्रा में लॉटरी टिकट, मोबाइल, नकदी व उपकरण बरामद
बगहा।बगहा पुलिस ने अवैध लॉटरी कारोबार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए पटखौली थाना क्षेत्र में संचालित एक संगठित लॉटरी सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीआईयू (जिला आसूचना इकाई) एवं पटखौली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध लॉटरी के मुख्य संचालक को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में लॉटरी टिकट, नकदी, मोबाइल फोन तथा कारोबार में प्रयुक्त अन्य सामग्री जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार लंबे समय से क्षेत्र में प्रतिबंधित लॉटरी का अवैध कारोबार संचालित होने की सूचना मिल रही थी। सूचना का सत्यापन करने के बाद विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध ढंग से छापेमारी करते हुए आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी से कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुई हैं, जिनके आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।छापेमारी के दौरान विभिन्न राज्यों की बड़ी संख्या में लॉटरी टिकट, ओपीपीओ कंपनी का एक मोबाइल फोन, की-पैड मोबाइल, नकद राशि, रजिस्टर, लेखा-जोखा संबंधी दस्तावेज तथा अन्य उपकरण बरामद किए गए। जब्त सामग्री को पुलिस ने विधिवत सूचीबद्ध कर अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से संगठित तरीके से अवैध लॉटरी का संचालन कर रहा था। प्रतिदिन हजारों रुपये का लेन-देन होने की आशंका है। इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध बिहार जुआ अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस पूरे आर्थिक नेटवर्क, लेन-देन और संभावित सहयोगियों की गहन जांच में जुटी हुई है।बगहा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध लॉटरी, जुआ अथवा किसी भी गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय थाना, डायल-112 अथवा पुलिस के साइबर हेल्पलाइन पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अपराध एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।














