मझौलिया।प्रखंड क्षेत्र के बहुअरवा पंचायत स्थित रामजानकी मठ परिसर के पोखरा में नहाने के दौरान डूबने से 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मुखिया देवी सहनी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक की पहचान बहुअरवा वार्ड संख्या-8 निवासी जय किशोर भगत के 12 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि रोहित अन्य बच्चों के साथ रामजानकी मठ परिसर स्थित पोखरे में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। काफी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया, परंतु उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना तत्काल मझौलिया थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना के एएसआई निलेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच, बेतिया भेज दिया। इस हृदयविदारक घटना से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पोखरे के आसपास सुरक्षा के समुचित इंतजाम करने तथा ऐसे जलाशयों पर चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


















