बेतिया। पश्चिम चम्पारण में नशा मुक्त भारत अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग की ओर से शनिवार को समाहरणालय सभागार में 'नशा मुक्त भारत–विकसित भारत की पहचान' विषय पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों और समाज के विभिन्न वर्गों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, जीविका दीदियों, शिक्षकों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया। कार्यशाला के दौरान वक्ताओं ने कहा कि नशे की लत केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करती, बल्कि परिवार की खुशहाली, सामाजिक व्यवस्था और देश के विकास पर भी नकारात्मक असर डालती है। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, कौशल और सकारात्मक जीवनशैली को अपनाना चाहिए।
उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश की युवा पीढ़ी नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहेगी। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल सरकारी योजनाओं से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए परिवार, विद्यालय, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने सभी लोगों से अपने-अपने स्तर पर नशा विरोधी अभियान को आगे बढ़ाने की अपील की।

कार्यशाला के दौरान 17 से 26 जून तक आयोजित नशामुक्त सप्ताह के अंतर्गत निबंध लेखन, चित्रकला और क्वीज प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को भी प्रमाण-पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में जीविका दीदियों और शिक्षकों ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि नशे के खिलाफ सबसे प्रभावी लड़ाई जागरूकता से ही जीती जा सकती है। यदि परिवार और समाज मिलकर युवाओं को सही दिशा दें तो नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।

कार्यक्रम के अंत में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें अधिकारियों, छात्र-छात्राओं और जीविका दीदियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। परिसर में बनाए गए सेल्फी प्वाइंट पर प्रतिभागियों ने तस्वीरें लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से "नशा मुक्त भारत" का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया। इस अवसर पर सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग विकास कुमार, वरीय उप समाहर्ता नगमा तब्बसुम, जिला अग्निशाम पदाधिकारी मनीष कुमार, शिक्षा विभाग की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कुमकुम पाठक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और जीविका दीदियां उपस्थित रहीं।













