गौनाहा। पश्चिम चंपारण के गौनाहा प्रखंड अंतर्गत वार्ड संख्या-05 स्थित मनिटोला में हल्की बारिश ने ही स्थानीय व्यवस्था की पोल खोल दी। बारिश के कुछ ही देर बाद मुख्य सड़क पर जलजमाव हो गया, जिससे करीब दो हजार की आबादी का जनजीवन प्रभावित हो गया। यह सड़क बाजार, सरकारी अस्पताल, थाना, बैंक और अन्य आवश्यक संस्थानों तक पहुंचने का प्रमुख मार्ग है। ऐसे में सड़क पर पानी भरने से लोगों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क बनने के बाद बेहतर आवागमन की उम्मीद जगी थी, लेकिन जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में यही हाल हो जाता है। सड़क पर कई जगह पानी जमा होने से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। दोपहिया वाहन चालक फिसलने के डर से सावधानी बरतते हैं, जबकि स्कूली बच्चों, मरीजों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीण शब्बीर आलम ने बताया कि इस सड़क के निर्माण के लिए वर्षों तक संघर्ष किया गया था। सड़क बनने के बाद लोगों को लगा था कि अब आवागमन की समस्या दूर हो जाएगी, लेकिन जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण थोड़ी सी बारिश में ही सड़क तालाब जैसी दिखाई देने लगती है। उन्होंने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग करते हुए कहा कि नाला निर्माण और पानी निकासी की व्यवस्था जल्द कराई जानी चाहिए।

वहीं मोहन कुमार ने कहा कि यह सड़क पूरे इलाके की जीवनरेखा है। इसी मार्ग से लोग बाजार, अस्पताल, थाना और बैंक तक पहुंचते हैं। यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो मानसून के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने संबंधित विभाग से तत्काल पहल करने की अपील की। ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के मौसम में यही समस्या दोहराई जाती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था, नाला निर्माण और सड़क के आसपास जलभराव रोकने के लिए आवश्यक कार्य जल्द शुरू किए जाएं, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।















