मधुबनी/पिपरासी, पश्चिम चंपारण। धनहा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक स्वर्गीय रामनगीना यादव की 37वीं पुण्यतिथि शनिवार को श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर दहवा स्थित उनकी प्रतिमा पर जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं ग्रामीणों ने माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने स्वर्गीय रामनगीना यादव के सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन गरीबों, किसानों और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया था। उनके आदर्श, संघर्ष और जनसेवा की भावना आज भी क्षेत्र के लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई है।
इस दौरान सुमंत यादव, यशवंत प्रताप सिंह उर्फ गुड्डू बाबू, मनीष सिंह राणा, दिनेश शुक्ल, जितेंद्र गुप्ता सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय यादव ने क्षेत्र के विकास, शिक्षा और सामाजिक समरसता के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए थे। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
ज्ञात हो कि 5 जुलाई 1989 को तत्कालीन विधायक रामनगीना यादव का अपराधियों द्वारा अपहरण कर लिया गया था, जिसके बाद उनकी हत्या कर दी गई थी। तब से प्रत्येक वर्ष उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।












