पश्चिमी चंपारण। जिला अंतर्गत गौनाहा प्रखंड सभागार में सोमवार को आयोजित पंचायत समिति की बैठक उस समय हंगामे की भेंट चढ़ गई, जब बैठक के अंतिम चरण में प्रखंड प्रमुख जयप्रकाश पासवान और उपप्रमुख राजेश गढ़वाल के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। दोनों जनप्रतिनिधियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलने से कुछ देर के लिए बैठक का माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ती देख बीडीओ ऋषभदेव प्रसाद, प्रखंड कर्मियों तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया।

बैठक के दौरान उपप्रमुख राजेश गढ़वाल ने प्रखंड में लगाए गए आठ प्याऊ की स्थापना में कथित घोटाले और कमीशनखोरी का आरोप लगाते हुए इसकी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने बीडीओ से योजना संख्या 9/25-26 तथा योजना संख्या 17/24-25 की भी जांच कराने का अनुरोध किया। उनका कहना था कि संबंधित योजनाओं में अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही हैं, जिनकी जांच आवश्यक है। वहीं, प्रमुख जयप्रकाश पासवान ने उपप्रमुख द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह मनगढ़ंत और बेबुनियाद बताते हुए खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि बिना तथ्यों के लगाए गए आरोप पंचायत समिति की गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं।

बैठक में पंचायत समिति सदस्यों ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। सदस्य मंजू देवी, रामसनेही चौरसिया, अवध बिहारी खोजभर, रुद्रदेव पटवारी और रूप तारा देवी ने राशन वितरण में गड़बड़ी, यूरिया की किल्लत तथा त्रिवेणी कैनाल के उपनालों पर बढ़ते अतिक्रमण का मुद्दा उठाया। सदस्यों ने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
सदन में वन विभाग, मनरेगा तथा सहोदरा थाना के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर भी सदस्यों ने कड़ी आपत्ति जताई। उनका कहना था कि संबंधित विभागों की मौजूदगी नहीं रहने से कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर संतोषजनक चर्चा नहीं हो सकी। बीडीओ ऋषभदेव प्रसाद ने सदस्यों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं और जनहित से जुड़े मामलों की जांच नियमानुसार कराई जाएगी तथा संबंधित विभागों को भी आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।

बैठक में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शशी कुमार, जीविका के बीपीएम सशेंद्र कुमार, बीसीओ अजय कुमार, बीएओ सौरभ कुमार, बीपीआरओ अंगेश कुमार यादव, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी नीलम आकाश, मुखिया प्रदीप पंजियार, कपूरचंद महतो, विधायक प्रतिनिधि रामनाथ राय, सुनील गढ़वाल, सांसद प्रतिनिधि वाल्मीकि प्रसाद, पंचायत समिति सदस्य मंजू देवी, दीपू तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
पंचायत समिति की बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख जयप्रकाश पासवान ने की, जबकि धन्यवाद ज्ञापन उपप्रमुख राजेश गढ़वाल ने किया।












