सिकटा प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में मंगलवार को जन समस्याओं की सुनवाई एवं त्वरित समाधान के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा जन सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। बलथर थाना क्षेत्र के गौचरी, सिकटा थाना क्षेत्र के सिरिसिया तथा गोपालपुर थाना क्षेत्र के सरगटिया पंचायत में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। शिविर की मॉनिटरिंग जिला परिवहन पदाधिकारी अमीत राज एवं प्रशिक्षु डीएसपी संदीप कुमार सिंह ने की।

शिविर में सिकटा (बीडीओ) जयप्रकाश, सिकटा (अंचलाधिकारी) राजीव रंजन, मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी अजय सहाय, प्रभारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सुशील प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सामाजिक सुरक्षा, राजस्व, राशन, आवास, मनरेगा, पेंशन एवं अन्य योजनाओं से संबंधित आवेदनों की सुनवाई कर कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया।
बीडीओ ने बताया कि गोपालपुर थाना क्षेत्र के सरगटिया पंचायत में सबसे अधिक 107 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें सामाजिक सुरक्षा से जुड़े 43 मामलों में से 38 का तत्काल निष्पादन कर लाभुकों को राहत दी गई। सिकटा थाना क्षेत्र के सिरिसिया पंचायत में कुल 62 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 35 मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। वहीं बलथर थाना क्षेत्र के गौचरी पंचायत के पुराने वाले पंचायत भवन में आयोजित शिविर में 95 लोगों ने आवेदन दिए, जिनमें 17 मामलों का तत्काल निष्पादन किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि जिन आवेदनों का मौके पर समाधान संभव नहीं हो सका है, उनकी विभागीय जांच कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत 30 दिनों के भीतर निष्पादन किया जाएगा। प्रशासन की इस पहल से ग्रामीणों में संतोष का माहौल देखा गया। लोगों ने कहा कि पंचायत स्तर पर शिविर लगने से बिना कार्यालयों का चक्कर लगाए अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखने और त्वरित समाधान मिलने से काफी सुविधा हुई है। सहयोग शिविर के पंचायत भवन में सभी विभाग के पदाधिकारी उपलब्ध रहे















